वीरेंद्र कुमार
O- रेघड़ा शिव मंदिर की बाउंड्री तोड़ परिसर में घुसा ट्रक
विंढमगंज (सोनभद्र) । थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घिवही स्थित रेघड़ा शिव मंदिर के पास National Highway 39 पर शनिवार सुबह करीब 6 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। विंढमगंज की ओर से आ रही ट्रेलर संख्या HR 46 F 4750 और दुद्धी की ओर से आ रहा आयशर ट्रक संख्या UP65 NT 4472 आमने-सामने भिड़ गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर की बाउंड्री तोड़ते हुए सीधे परिसर में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
चालक केबिन में फंसा, ग्रामीणों ने बचाई जान
आयशर ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। ग्रामीणों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल चालक को तत्काल दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। मौके पर मौजूद जोरूखाड़ निवासी प्रकाश यादव ने साहस का परिचय देते हुए स्वयं केबिन में घुसकर चालक को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समय पर बचाव नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।







