म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर विकासखंड के कस्बा मे शिवमंदिर के पास स्थित शादी समारोह भवन मे रविवार को आदिवासी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोनभद्र जिले के आदिवासी समाज को 21 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की मांग की गई। आदिवासी सम्मेलन की अध्यक्षता गोंड महासभा के जिला अध्यक्ष बबई सिंह मरकाम के द्वारा किया गया। बैठक मे मूलत तीन मांगे रखी गई। पहली मांग मे उन्होंने बताया कि सोनभद्र जिले में आदिवासियों की जनसंख्या 21 प्रतिशत है और जनसंख्या के हिसाब से सरकार द्वारा हम लोगों को आरक्षण नहीं दिया जा रहा है। मरकाम ने सरकार से पंचायत चुनाव में आदिवासीयो को जनसंख्या के हिसाब से आरक्षण दिए जाने की मांग की और दूसरी मांग मे सोनभद्र के आदिवासी समाज के लोगो को सरकारी नौकरियो मे और तीसरी मांग शिक्षा के क्षेत्र मे आरक्षण दिए जाने की मांग की है। बैठक मे रमाशंकर सिंह आयाम, अशोक सिंह खरवार, जिला उपाध्यक्ष अमर सिंह खरवार, सदावृक्ष खरवार कृपाशंकर पनिका, अशर्फी सिंह परस्ते, देवशाह उरेती, मानरुप सिंह पोया, चंद्रिका पोया, जगनारायण ओरकरा, रामप्रसाद पनिका आदि लोग उपस्थित रहे।






