अमित मिश्रा
सोनभद्र । नगर क्षेत्र रॉबर्ट्सगंज में एक निजी कॉलेज से सटी सड़क के किनारे लगभग 50 फीट गहरा गड्ढा जेसीबी मशीन से खुदाई कर छोड़ दिया गया है, जिससे सड़क संकरी और फिसलन भरी हो गई है। वर्तमान समय में कॉलेज में परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में परीक्षा देने आने वाली छात्राओं, साइकिल और मोटरसाइकिल से गुजरने वाले राहगीरों के लिए यह गड्ढा जानलेवा साबित हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क से सटी जमीन पर यह गड्ढा खुदाई कन्हैया लाल केसरी द्वारा कराया गया है, लेकिन इसे खुला छोड़ देने के कारण सड़क की मिट्टी भी खिसककर गड्ढे में चली जा रही है। इससे मार्ग और भी संकुचित हो गया है। फिसलन इतनी बढ़ गई है कि छात्राएं आए दिन गिर रही हैं और चोटिल हो रही हैं। वहीं, मोटरसाइकिल और साइकिल सवारों के गिरने की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।
चिंता की बात यह है कि कॉलेज में परीक्षा और नियमित कक्षाएं दोनों ही चल रही हैं, ऐसे में प्रतिदिन करीब 500 से 1000 छात्राएं और अभिभावक इस मार्ग से गुजरते हैं। गड्ढे की वजह से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया गया कि कॉलेज प्रशासन द्वारा नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज को इस समस्या के संबंध में पूर्व में पत्र भी भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कॉलेज प्रबंधन व स्थानीय लोगों ने नगर पालिका व जिला प्रशासन सोनभद्र से मांग की है कि जल्द से जल्द गड्ढे को भरवाकर सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि राहगीरों और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
स्थानीय प्रशासन की अनदेखी जारी रही तो किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका और जिला प्रशासन सोनभद्र की होगी।







