चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि ये कुत्ते जंगल के जंगली जानवरों के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं। ताजा मामला वन क्षेत्र की एक रेंज से सामने आया है, जहां एक आवारा कुत्ते ने एक हिरण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण को अपने कब्जे में लेकर तुरंत पशु अस्पताल पहुंचाया।
पशु अस्पताल में डॉक्टर सूरज ने हिरण का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद जब हिरण की हालत में सुधार हुआ, तो वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से दोबारा जंगल में छोड़ दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे पर नियंत्रण करने की मांग की है।






