अखिलेश सिंह
O- गांव-गांव चलो अभियान के तहत नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
रामगढ़ (सोनभद्र) । सवर्ण आर्मी ने चतरा मंडल के शिवाला गांव में “गांव-गांव चलो अभियान” के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। बैठक में संगठन के विस्तार और सवर्ण समाज के हितों की रक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिला अध्यक्ष पंकज कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चतरा मंडल के लिए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। कपिलकांत पाठक को मंडल अध्यक्ष, जितेंद्र सिंह को संयोजक तथा नंदराम तिवारी को सह-संयोजक बनाया गया। इसके अलावा मनीष त्रिपाठी, आकाश तिवारी, शिव पूजन तिवारी सहित अन्य को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
शुक्ला ने कहा, “हमारा उद्देश्य सवर्ण समाज को संगठित कर उनके हितों की रक्षा करना है। गांव-गांव तक पहुंचकर हम समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलेंगे।”
बैठक में 19 जुलाई को मंगल पांडे जयंती और 23 जुलाई को चंद्रशेखर आजाद जयंती को भव्य तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया। इन आयोजनों के माध्यम से समाज में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला महासचिव मनोज मिश्रा, जिला महामंत्री बम बम दुबे सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने और समाज के उत्थान के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
इस बैठक के माध्यम से सवर्ण आर्मी ने जिले में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए समाज कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। संगठन ने आगामी दिनों में और अधिक सक्रियता से कार्य करने की योजना भी प्रस्तुत की।







