वीरेंद्र कुमार
विंढमगंज (सोनभद्र) । थाना क्षेत्र के मूडिसेमर ग्राम पंचायत के एक परिवार में मंगलवार दोपहर उस वक्त कोहराम मच गया जब एक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अशोक राम पुत्र स्वर्गीय सरजू राम के रूप में हुई है, जो चार बच्चों के पिता थे।
जानकारी के अनुसार, अशोक राम ने अपने घर की छत पर लगे पंखे की कुंडी में साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उसे लटकते देखा तो शोर मचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना के उप निरीक्षक सुनील कुमार राय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरयू यादव व क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
मोटरसाइकिल को लेकर चल रहा था विवाद
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरयू यादव ने बताया कि पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक बीते दो-तीन दिनों से मृतक का अपनी पत्नी सुनीता देवी से मोटरसाइकिल को लेकर कहासुनी हो रही थी। जानकारी के मुताबिक मृतक अशोक का कोई जानने वाला किसी काम को लेकर मोटरसाइकिल ले गया था जिसमें मोटरसाइकिल का चालान 5 हजार रुपए का हो गया था इस लिए आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक विवाद से परेशान होकर अशोक राम ने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। वहीं, घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
ग्रामीणों में शोक की लहर, परिवार को मदद की मांग
घटना से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है ताकि बेसहारा हुए बच्चों का पालन-पोषण हो सके।







