राजन
मीरजापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद में हलिया थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में बुधवार की दोपहर गरज चमक के साथ बिजली गिरने से 17 वर्षीय किशोर सत्यम की मौत हो गई। वह अपने कच्चे मकान के बरामदे में बैठा था तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी होते ही परिजन सत्यम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। सत्यम पंडित राज नारायण इंटर कॉलेज मुड़पेली में कक्षा 11 का छात्र था और दो भाइयों में सबसे छोटा था।
वही इस घटना के सम्बंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए, क्योंकि उन्होंने लिखित सूचना नहीं दी और न ही पुलिस को सूचित किया था।
इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवार में मातम छाया हुआ है।







