अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के जुगैल थाना क्षेत्र में भरहरी गांव के पास बारिश से चकदहिया नाले में रविवार को आयी बाढ़ के तेज बहाव मे बहे दोनो युवक का शव आज एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया, जिसे पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को जुगैल थाना क्षेत्र के भरहरी ग्राम पंचायत के टोला चकदहिया स्थित परेवा नाले का है। जहां तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर रपटे को पार कर रहे थे। अचानक आए तेज बहाव में तीनों बह गए। हालांकि एक युवक ने किसी तरह खुद को बचा लिया लेकिन दिनेश पुत्र लाल जी 18 वर्ष और अंकित पुत्र स्व.इंद्रजीत उपाध्याय 19 वर्ष निवासी भरकना थाना घोरावल पानी में लापता हो गये थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने राहत-बचाव अभियान चलाया। आज सुबह काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव नाले से बरामद कर लिए गए। वही शव मिलते ही परिजनों की चीत्कार गूंज उठी। रोते-बिलखते परिवार के आंसुओं में पूरा गांव डूबा दिखा।
मृतक दोनो युवक घोरावल कोतवाली क्षेत्र के भरकना गांव के निवासी थे। ये हादसा एक बार फिर बारिश के दौरान बहते रपटों पर सतर्कता बरतने की चेतावनी दे गया।
इस घटना के सम्बंध मे सीओ ओबरा हर्ष देव पाण्डेय ने बताया कि एक ही बाइक पर तीन लोग सवार होकर गुजर रहे थे कि जुगैल थाना क्षेत्र के चकदहिया नाले के पास पानी के तेज बहाव में बह गए। इस दौरान एक बाइक सवार को तो बचा लिया गया किंतु बाइक समेत दो युवक पानी की तेज धार में समा गए। जिसके बाद पुलिस व गोताखोरों द्वारा रेस्क्यू चलाया गया और अब बाइक समेत दोनों शवों को बरामद कर लिया गया है। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।







