वीरेंद्र कुमार
O- विंढमगंज रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
विंढमगंज (सोनभद्र) । थाना क्षेत्र विंढमगंज अंतर्गत महुआरिया रेलवे स्टेशन के पश्चिम रेलवे लाइन से सटे खेत और झाड़ियों के बीच उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्थानीय राहगीरों ने एक अधेड़ व्यक्ति का शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान जगदीश बियार (उम्र लगभग 50 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय राम प्रसाद, निवासी महुली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वन तुलसी की झाड़ियों के बीच शव पड़ा हुआ था, जिसे महुआरिया रेलवे स्टेशन से पश्चिम, मकसूद आलम के खेत के समीप लगभग सुबह 11 बजे राहगीरों ने देखा।

सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी शेषनाथ पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी दुद्धी प्रदीप सिंह चंदेल भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि मृतक की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। शव के पास किसी प्रकार के संघर्ष या चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह सामान्य मौत है या इसके पीछे कोई साजिश।







