अमित मिश्रा
0- मिशन शक्ति के तहत बेटियों ने जाना आत्मरक्षा का पाठ, पुलिस लाइन चुर्क का किया भ्रमण
O- मिशन शक्ति के तहत बेटियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
सोनभद्र। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को समर्पित “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय उरमौरा, थाना रॉबर्ट्सगंज की कक्षा 6, 7 और 8 की छात्राओं को पुलिस लाइन चुर्क का भ्रमण कराया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात / मिशन शक्ति नोडल अधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी ने छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य, यातायात नियमों तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए और छात्राओं को आत्मरक्षा के बुनियादी गुर सिखाए गए।
छात्राओं को 1090, 181, 1930 और 112 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता बताई गई ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने बालिकाओं से कहा,
“हर बालिका सशक्त बने, अपने अधिकारों को जाने और किसी भी विपरीत परिस्थिति में निडर होकर सहायता प्राप्त करे, यही मिशन शक्ति का उद्देश्य है।”
कार्यक्रम में आरआई मो. नदीम, टीएसआई के.के. शुक्ला सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सोनभद्र पुलिस द्वारा निरंतर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि जनपद की हर नारी सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त समाज निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके।







