अमित मिश्रा
O- डीएम कार्यालय के बाहर लगी ‘मां दुर्गा स्वरूप मैया मायावती जी’ की फ्लैक्सी, जिले की सियासत में मची हलचल
O- फ्लैक्सी पर आठ भुजाओं में संविधान, न्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य का संदेश, नीचे लिखा – मैया को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा
सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) । जिलाधिकारी कार्यालय सोनभद्र के बाहर लगाई गई एक फ्लैक्सी इन दिनों जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस फ्लैक्सी में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को ‘मां दुर्गा स्वरूप मैया मायावती जी’ के रूप में दर्शाया गया है।

फ्लैक्सी में मायावती को सफेद कुर्ते में, आठ भुजाओं के साथ दिखाया गया है। पृष्ठभूमि में शेर तथा नीचे हाथी के प्रतीक अंकित हैं। फ्लैक्सी के दोनों ओर हाथ जोड़े हुए आशुतोष पाठक की तस्वीर लगी है।
फ्लैक्सी के नीचे बड़े अक्षरों में लिखा है – मैया मायावती जी को उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा, उत्तर प्रदेश को साफ, सुरक्षित और शिक्षित बनाने की इच्छा।
आठ हाथों में आठ संदेश
फ्लैक्सी में दर्शाए गए आठ हाथों में अलग-अलग संदेश दिए गए हैं। एक हाथ में भारतीय संविधान, दूसरे में न्याय का तराजू, तीसरे में मीडिया का माइक, चौथे में स्वास्थ्य का प्रतीक, पांचवे में शिक्षा की पुस्तकें, छठे में किसान की गेहूं की बाली, सातवें में आशीर्वाद की मुद्रा और आठवें में उद्योग व रोजगार का प्रतीक दिखाया गया है।
डीएम कार्यालय के बाहर क्यों लगी फ्लैक्सी
यह फ्लैक्सी किसी गली-मोहल्ले में नहीं, बल्कि जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर लगी है, जहां से रोजाना अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और आमजन गुजरते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि स्थान का चयन सोच-समझकर किया गया है।
दो तरह की चर्चाएं
इस फ्लैक्सी को लेकर लोगों में दो तरह की चर्चाएं हैं। एक वर्ग इसे कार्यकर्ताओं की श्रद्धा बता रहा है। वहीं दूसरा वर्ग राजनीति में नेता को देवी के रूप में दिखाए जाने को उचित नहीं मान रहा है।
फ्लैक्सी पर जिनका नाम अंकित है, आशुतोष पाठक सोनभद्र में बसपा समर्थक के रूप में जाने जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बसपा सोनभद्र में नई पीढ़ी के चेहरों को आगे लाने की तैयारी कर रही है।
क्या बोले राजनीतिक जानकार
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सोनभद्र दलित और आदिवासी बाहुल्य जिला है। कभी यहां बसपा का मजबूत जनाधार रहा है। इस फ्लैक्सी से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। इसे वर्ष 2027 की तैयारी का संकेत भी माना जा रहा है।
फिलहाल इस फ्लैक्सी को लेकर बसपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जिला प्रशासन की ओर से भी अभी कोई टिप्पणी नहीं की गई है।









