अमित मिश्रा
O- सब्जी मंडी के पास ऑटो से टकराई मोटरसाइकिल, कंधे की हड्डी टूटी
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कार्यालय प्रभारी अजय मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सब्जी मंडी के पास उस समय हुआ, जब वे अपने आवास से ब्राह्मण सम्मेलन में सम्मिलित होने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क पर चलते समय एक ऑटो चालक ने अचानक उल्टी दिशा में मोड़ ले लिया, जिससे अजय मिश्रा की मोटरसाइकिल ऑटो से टकरा गई। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना में उनके कंधे की हड्डी टूट गई, जबकि चेहरे पर चोट आई है। इसके अलावा पैर के घुटने में भी गंभीर चोट बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, संतोष शुक्ला, अनिल सिंह एवं बृजेश श्रीवास्तव सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और घायल नेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
फिलहाल अजय मिश्रा का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही राजनीतिक व सामाजिक हलकों में चिंता का माहौल देखा गया।







