अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह की बहनों ने रक्षाबंधन पर्व के पूर्व आज पुलिस लाइन चुर्क में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम में पुलिस बल के जवानों को रक्षा सूत्र बांधी। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के दीर्घायु, सुरक्षा, सशक्तता एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना किया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर मिश्रा ने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के गहरे भाव का प्रतीक है। जब समाज की माताएं और बहनें पुलिस बल को रक्षा सूत्र बाँधती हैं, तो यह हमारे कर्तव्यबोध को और अधिक प्रबल करता है।
कार्यक्रम के दौरान वातावरण अत्यंत भावपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण रहा। उपस्थित पुलिसकर्मियों ने भी महिलाओं को आश्वस्त किया कि वे सदैव मातृशक्ति का सम्मान करते रहेंगे तथा जनमानस की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान हेतु पूर्ण रूप से समर्पित रहेंगे।







