अमित मिश्रा
O- पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी के नेतृत्व में बूथ संख्या 14 पर हुआ कार्यक्रम
सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण रविवार को रॉबर्ट्सगंज के बूथ संख्या 14 पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर सुना। कार्यक्रम की अगुवाई पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने की।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देश की विज्ञान, तकनीक और सांस्कृतिक उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की सुरक्षित वापसी और चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की कड़ी मेहनत का प्रतीक बताया। उन्होंने युवाओं से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया, और कहा कि आने वाला भारत नवाचार और तकनीक की शक्ति से विश्व में नई ऊंचाइयां छुएगा।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में 12 मराठा किलों को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर का दर्जा दिए जाने की जानकारी साझा की। उन्होंने इसे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए देशवासियों से अपने इतिहास और संस्कृति से जुड़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस जैसे अमर बलिदानियों को याद कर उनके त्याग को नमन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री के विचारों को गहराई से सुना और उन पर चर्चा की। उपस्थित प्रमुख लोगों में सभासद विनोद सोनी, बूथ अध्यक्ष शशिकांत पाण्डेय, योगेश सिंह, उत्कर्ष, रवि कसेरा, मालवीय जी, सनद दुबे, अनूप, विशाल सहित बड़ी संख्या में बूथ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. धर्मवीर तिवारी ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम आम जनता को देश की सकारात्मक दिशा से जोड़ता है और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाएं ताकि हर नागरिक देश के विकास में अपनी भूमिका समझ सके।







