अमित मिश्रा
O- तीन साल बाद फिर दौड़ेंगी बसें, यात्रियों की मिली राहत
सोनभद्र। जिले के ग्रामीण अंचलों के लिए बड़ी खबर है। तीन साल से बंद पड़ी चोपन-भरहरी संपर्क मार्ग पर एक बार फिर रोडवेज बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। कोरोना काल में ठप हुई यह सेवा अब जिले को मिली आठ नई मिनी बसों की मदद से बहाल की जाएगी। इससे न केवल भरहरी, जुगैल और नेवारी जैसे बड़े गांवों के लोगों को सहूलियत होगी, बल्कि मध्य प्रदेश की सीमा से लगे करीब 25 गांवों की हजारों की आबादी को भी यात्रा में राहत मिलेगी।
तीन साल से परेशान थे यात्री
कोरोना काल में रोडवेज बसों का संचालन रोक दिया गया था। तब से अब तक इस मार्ग के यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा था। न केवल ज्यादा किराया देना पड़ता था बल्कि कई बार वाहन बदलने की झंझट और समय की बर्बादी भी उनकी मजबूरी बनी हुई थी। यही वजह रही कि ग्रामीण लगातार बस सेवा दोबारा शुरू करने की मांग उठा रहे थे। अब जाकर उनकी यह मांग पूरी होने जा रही है।
जिले में मिनी बसों से जुड़ेगी नई रफ्तार
सोनभद्र डिपो को हाल ही में आठ नई मिनी बसें मिली हैं। बड़ी बसों को ग्रामीण मार्गों पर चलाना मुश्किल होता है, ऐसे में परिवहन विभाग ने रणनीति बनाई है कि इन मिनी बसों को ग्रामीण रूटों पर उतारा जाए।
इन मार्गों पर बसें चलेंगी:
- शिल्पी-कुड़ारी से घोरावल होते हुए मिर्जापुर
- चोपन-भरहरी से बनारस
- दुद्धी के बैरखड़ से बनारस
- बीजपुर से बनारस
- आसनडीह से बनारस
इन रूटों पर मिनी बसों का संचालन शुरू होने से ग्रामीण यात्रियों को सस्ता और सुरक्षित परिवहन विकल्प मिलेगा।
राहत की सांस लेंगे ग्रामीण
चोपन-भरहरी मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से हजारों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटेगी। अब वे डग्गामार वाहनों की मनमानी और अधिक किराये से निजात पाएंगे। सबसे अहम बात यह है कि इस बस सेवा से छात्रों, नौकरीपेशा और किसानों सभी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
अधिकारियों ने की पुष्टि
इस विषय पर विश्राम सिंह, एआरएम सोनभद्र डिपो ने कहा –
“चोपन-भरहरी मार्ग पर पहले भी रोडवेज बस चलती थी, लेकिन करीब तीन साल पहले इसे बंद कर दिया गया था। अब नई मिनी बसों से इस सेवा को पुनः शुरू किया जा रहा है। यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।”







