अखिलेश सिंह
वैनी (सोनभद्र)। नगवां ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश से कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। दुबेपुर, वैनी, तेलियागंज, झरना, बरहुआ दुबेपुर, सोहदवल समेत कई इलाकों में दो से तीन फुट तक पानी भर गया, जिससे ग्रामीणों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी।

दुबेपुर के जगदीश धोबी, श्रीनिवास, मोहन, राजू शर्मा, भजन, इंद्रजीत गुप्ता, सुरेश दुलारे शर्मा, रामेश्वर, श्रीनाथ, विनोद, मोहन और चंद्रशेखर सहित दर्जनों परिवारों के घरों में पानी घुस गया। लोगों ने किसी तरह अपना घरेलू सामान बाहर निकालकर खुले आसमान के नीचे रात गुजारी।
इसी बीच वैनी साधन सहकारी समिति के गोदाम में भी पानी भर जाने से यूरिया खाद पूरी तरह खराब हो गई। वहीं क्षेत्र की कई दुकानों में भी पानी घुस जाने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। खलियारी गांव में दिनेश गुप्ता का कच्चा मकान बारिश के दबाव में ढह गया, जबकि कई अन्य गांवों में भी इसी तरह की क्षति हुई।

पीड़ित ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। जानकारी मिलने पर स्थानीय लेखपाल को घटना की सूचना दे दी गई है।

वहीं दुबेपुर के विद्युत सबस्टेशन परिसर में भी दो फुट पानी जमा हो गया है, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि साल 2011 के बाद पहली बार इस तरह की स्थिति उत्पन्न हुई है।







