अमित मिश्रा
O- योगी सरकार के स्कूल बंद करने के फैसले पर आम आदमी पार्टी का तीखा प्रहार
O- 27000 स्कूल बंद, 27308 शराब की दुकानें खोलने का लगाया आरोप
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने के विरोध में “शंख बजाओ, स्कूल बचाओ अभियान” के तहत आम आदमी पार्टी ने रविवार को जिला मुख्यालय और ब्लॉक रॉबर्ट्सगंज अंतर्गत पेटराही प्राथमिक विद्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, अभिभावकों और बच्चों ने शंख और थालियां बजाकर सरकार के फैसले के खिलाफ सांकेतिक विरोध जताया और इसे “ढपोरशंखों की सरकार” करार दिया।
जिला संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह ने कहा कि योगी सरकार एक तरफ 27,000 सरकारी स्कूलों को बंद कर रही है, वहीं दूसरी ओर 27,308 शराब की दुकानों को अनुमति देकर यह साबित कर रही है कि उसकी प्राथमिकता शिक्षा नहीं, शराब का व्यापार है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने सांसद संजय सिंह के आह्वान पर पूरे प्रदेश में बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है।
जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “यह सरकार डबल इंजन नहीं, ढपोरशंखों की सरकार है, जो बच्चों को अनपढ़ रखकर उन्हें वोट बैंक बनाए रखना चाहती है।” उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक सरकार स्कूल बंद करने का आदेश वापस नहीं लेती, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविंद चौबे ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जिन स्कूलों पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, उन्हें बंद करने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगाई है, लेकिन यह राहत अस्थायी है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपनी आवाज बुलंद करें, नहीं तो सरकार फिर से ऐसे निर्णय लेगी।
जिला महासचिव (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) अनवर अली ने कहा कि सरकार गरीब और कमजोर वर्ग के बच्चों की शिक्षा छीन रही है ताकि आगे चलकर वे सवाल न पूछ सकें, अपने अधिकार न मांग सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि “बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बंद कीजिए, स्कूल बंद करने का फैसला तुरंत वापस लीजिए।”
आंदोलन के अंत में पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत तिवारी ने कहा, “अब जनता को खुद उठ खड़ा होना होगा, क्योंकि जब सरकार शिक्षा छीन लेती है, तो वह केवल शासन नहीं करती, बल्कि भविष्य की नींव भी तोड़ती है।”
आम आदमी पार्टी ने 2 अगस्त को लखनऊ के इको गार्डन में ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ के तहत बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी ने नागरिकों से अपील की है कि 7500040004 पर मिस्ड कॉल देकर अभियान का हिस्सा बनें और बच्चों का भविष्य बचाएं।
इस प्रदर्शन में शमशाम अहमद, विमलेश पटेल, परदेशी पटेल सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।







