O कंकड़ पत्थर से राहगीरों को हो रही परेशानी, बूढ़े और बच्चे हो रहे घायल
सोनभद्र।- रॉबर्ट्सगंज के अशोक नगर वार्ड 19 और 20 में आशा प्रिंटिंग प्रेस वाली गली का सड़क निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। गली में गड्ढों और उभरी नाली के कारण बूढ़े और बच्चे प्रतिदिन गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय रहवासी डॉक्टर अनूप मिश्रा, पंडित पारसनाथ मिश्र, किशोरी सिंह, शंकर, रितेश चौरसिया, बच्चा जी, वेंकटेश दुबे, अरविंद सुभाष, नंदू बच्चा यादव, मुन्नालाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि नगर पालिका से नाली और सड़क निर्माण के लिए टेंडर हुआ था, लेकिन ठेकेदार ने नाली तो बनाकर छोड़ दी, लेकिन सड़क का काम पूरा नहीं किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क को अगर तुरंत समतल किया जाता तो कम से कम आवागमन आसान हो जाता। लेकिन नाली बनाकर सड़क अधूरी छोड़ देने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे स्कूल जाने और घर लौटने के दौरान बार-बार गिर रहे हैं, वहीं बुजुर्गों के लिए भी यह मार्ग बेहद जोखिम भरा बन गया है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि गली की सड़क का कार्य जल्द पूरा किया जाए और ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भारी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। रहवासी यह भी बता रहे हैं कि गली में रोजमर्रा का आवागमन मुश्किल होने के कारण आपातकालीन स्थिति में लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। इसके अलावा नाली और सड़क अधूरी होने से बारिश में पानी जमा हो जाएगा और कीचड़ फैलने से लोगों को और दिक्कतें झेलनी पड़ेगी।






