सोनभद्र। विधायक खेल महाकुंभ के 11वें दिन बालिका क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसमें प्रकाश जीनियस की बालिका क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। मैच में प्रकाश जीनियस की टीम ने पहले फील्डिंग करते हुए सहिजन की टीम को 5 ओवर में 37 रनों का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रकाश जीनियस की टीम ने अंत तक संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन किया। टीम की कप्तान अल्का ने पाँचवें ओवर की अंतिम गेंद पर शानदार चौका लगाकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती, चंचलता और खेल के प्रति लगन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर प्रकाश जीनियस की बालिका क्रिकेट टीम ने चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
विजेता टीम को विधायक भूपेश चौबे द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक भूपेश चौबे ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “बेटियाँ आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।”
उन्होंने टीम के कोच दीपक कुमार श्रीवास्तव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “बालिकाओं की यह सफलता कुशल कोचिंग और निरंतर मेहनत का परिणाम है। कोच दीपक कुमार श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को सही दिशा, तकनीक और आत्मविश्वास दिया है, जो प्रशंसनीय है।”







