नवीन कुमार
कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गिधीया में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने खेत में एक वृद्ध महिला का शव पड़ा हुआ देखा। ग्रामीणों ने मृतका की पहचान जहरुन खातून पत्नी सदीक 70 वर्ष के रूप में किया। वही मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ ओबरा ने ग्रामीणों से पूछताछ कर जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह-सुबह खेतों की ओर निकले कुछ लोगों ने महिला का शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना कोन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोन थाना प्रभारी संजीव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। कुछ ही देर बाद ओबरा के क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्ष पांडे और एडिशनल एसपी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका के चार पुत्र हैं, जो घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। महिला खेत में कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंची, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द ही खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







