नवीन कुमार
कोन (सोनभद्र)। वन महोत्सव के अवसर पर ग्राम पंचायत नक्तवार में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान लक्ष्मी कुमार जायसवाल की अगुवाई में दर्जनों पौधे रोपे गए। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी आलोक मिश्रा, वन दरोगा अभिषेक सिंह तथा इस्हाक अली की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण की अपील की। ग्राम प्रधान लक्ष्मी कुमार जायसवाल ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।

वन क्षेत्राधिकारी आलोक मिश्रा ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जा रहा है, जिससे हरियाली बढ़े और पर्यावरण संतुलन बना रहे। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य रूप से आम, अमरूद, नीम आदि पौधों को रोपित किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।







