नवीन कुमार
O- रामगढ़ लैम्पस में चला विशेष सदस्यता अभियान, किसानों ने दिखाई रुचि
कोन (सोनभद्र) । विकासखंड कोन के रामगढ़ लैम्पस परिसर में शनिवार को विशेष सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सदर भूपेश चौबे ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान और सहकारिता एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं। किसानों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब हर परिवार एमपैक्स सदस्यता से जुड़ा हो।
उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों की मजबूती से ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खेती दोनों मजबूत होंगे।
जिला सहकारी बैंक मिर्जापुर के निदेशक संतोष सिंह ने कहा कि समिति का सदस्य बनने पर किसानों को वे सभी लाभ मिलेंगे, जिनके वे हकदार हैं। वहीं सहायक आयुक्त सहकारिता सोनभद्र देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि समिति की सदस्यता लेने वाले किसानों को खाद—यूरिया, डीएपी आदि प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही धान खरीद में भी सदस्य किसानों को प्राथमिकता मिलेगी।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शशांक शेखर मिश्र एडवोकेट ने कहा कि जैसे-जैसे सदस्य संख्या बढ़ेगी, समितियों को मिलने वाले खाद और सुविधाओं की मात्रा भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि विकासखंड कोन की तरक्की सहकारी समितियों के सशक्त होने से ही संभव है।

कार्यक्रम के दौरान 31 किसानों ने सदस्यता ग्रहण की और विधायक ने उन्हें कृषक पंजिका प्रदान की। समिति के सचिव उदयवीर ने जानकारी दी कि अभियान की शुरुआत से अब तक 91 नए सदस्य जुड़े हैं, जिनमें से 26 का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया है।
समिति के सभापति ईश्वर नारायण मिश्र ने अतिथियों और किसानों के प्रति आभार जताते हुए कार्यक्रम का समापन किया। संचालन विनय कन्नौजिया और एडीसीओ सदर अवधेश सिंह ने किया।
इस मौके पर एडीसीओ सदर अवधेश सिंह, शाखा प्रबंधक ओबरा अरविंद कुमार, शाखा प्रबंधक चोपन जगदीश नारायण, सचिव रामगढ़ उदयवीर, वासुदेव यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।






