नवीन कुमार
कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। सरकार के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत नवरात्र के पावन अवसर पर बेटियों और महिलाओं को समाज में सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल की जा रही है। इस अभियान के तहत जनपद सोनभद्र के कोन थाना परिसर में शनिवार को छात्राओं को एक दिन के लिए थाने की कमान सौंपी गई। इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कोन की कक्षा 12 की छात्रा कुमारी गोल्डी को थाना निरीक्षक का दायित्व दिया गया।
थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने औपचारिक रूप से कुमारी गोल्डी को थाना निरीक्षक का चार्ज सौंपा। पदभार ग्रहण करने के बाद छात्रा ने थाना परिसर का निरीक्षण किया और उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए मौके पर निस्तारण के निर्देश भी दिए।
गोल्डी ने महिलाओं और छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह से संकल्पित है। उन्होंने थाने में उपस्थित छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी और सरकार द्वारा जारी टोल फ्री नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही साइबर फ्रॉड, छेड़खानी, महिला उत्पीड़न जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई हेतु हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, ताकि छात्राएं और महिलाएं बेझिझक शिकायत दर्ज करा सकें।
इस अवसर पर थाना परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को आत्मरक्षा, पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112, एंबुलेंस सेवा 108 और मुख्यमंत्री महिला सहायता नंबर 181 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं, और समाज में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मिशन शक्ति का उद्देश्य भी यही है कि बेटियां आत्मनिर्भर बनें और हर क्षेत्र में आगे बढ़ें।
विशेष आकर्षण यह रहा कि कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद थाना निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने स्वयं छात्रा गोल्डी को सरकारी गाड़ी से महिला कांस्टेबल के साथ उनके विद्यालय तक सुरक्षित छोड़ा। इससे छात्राओं को यह संदेश मिला कि पुलिस न केवल उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है, बल्कि उन्हें सम्मान और प्रोत्साहन देने के लिए भी हमेशा तैयार है।
इस मौके पर रामगढ़ प्रधान अमरनाथ गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं, थाना स्टाफ, छात्राएं तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी अपने विचार रखे और महिलाओं को सुरक्षित समाज बनाने में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।







