प्राविधिक शिक्षा मंत्री ने इंजीनियरिंग छात्रों से किया संवाद, प्रथम स्थान प्राप्त छात्र जाएंगे सिंगापुर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र । राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र में सोमवार को एक विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। संवाद कार्यक्रम में मंत्री ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मंत्री आशीष पटेल ने जानकारी दी कि मीरजापुर इंजीनियरिंग कॉलेज के वे छात्र-छात्राएं जो वर्तमान में सोनभद्र कॉलेज में अध्ययनरत हैं, उनका पठन-पाठन कार्य 30 जुलाई, 2025 के बाद मीरजापुर में ही संचालित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सिंगापुर यूनिवर्सिटी में शैक्षिक भ्रमण का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड के द्वितीय वर्ष के छात्रों को नोएडा स्थित डेटा सेंटर और भेल झांसी में शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया जाएगा, जिससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान और इंडस्ट्री से जुड़ने का अवसर मिल सके।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्रों को बेहतर प्लेसमेंट दिलाने के लिए भी सतत प्रयास कर रही है और इस दिशा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने हेतु होनहार व योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने छात्रों से पूरे मनोयोग के साथ अपनी पढ़ाई पूरी करने का आह्वान किया ताकि वे भविष्य में अपने करियर में सफलता पा सकें।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, तहसीलदार सदर अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

छात्रों ने मंत्री से बातचीत कर अपनी जिज्ञासाओं को साझा किया और सरकार की ओर से मिल रही सुविधाओं को लेकर आभार जताया। कार्यक्रम का माहौल प्रेरणादायक और उत्साहपूर्ण रहा।

Leave a Comment

1348
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?