अमित मिश्रा
O- हत्या के बाद कांग्रेस का हमला, रामराज सिंह बोले – कानून व्यवस्था फेल, जनता डरी-सहमी“
O- शाहगंज हत्याकांड पर कांग्रेस का हल्ला बोल – दोषियों को मिले कड़ी सजा, नहीं तो होगा आंदोलन”
सोनभद्र । शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मराची में बीती रात करीब 12 बजे हुई गोलीकांड की घटना से सनसनी फैल गई। अमरनाथ यादव की अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड मौके पर पहुंचे, उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
माडम हाउस पहुंचकर मीडिया से बात करते हुए रामराज सिंह गोंड ने यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा,
“भाजपा सरकार में आम आदमी सुरक्षित नहीं है, प्रदेश में जंगलराज कायम है। हर दिन हो रही हत्याएं इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम है। यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा नहीं दी गई तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।”
इस मौके पर कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी सरकार पर जमकर हमला बोला।
पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र पासवान और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष उषा चौबे ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा,
“बीजेपी सरकार में न कानून का डर है, न अपराधियों पर नियंत्रण।”
पूर्व प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,
“जो सरकार सुशासन का दावा करती है, उसी के राज में हत्या जैसी घटनाएं आम हो गई हैं, इससे सरकार की पोल खुल गई है।”
इस दौरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा, पूर्व महासचिव दयाशंकर पांडे, जिला महासचिव रोहिल मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से तत्काल न्याय की मांग की है।







