सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गोविंद चौबे के नेतृत्व में दिल्ली की तरह अटल कैंटीन शुरू करने के लिए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद को एक मांग पत्र दिया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रमेश गौतम भी उपस्थित रहे।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गोविंद चौबे ने कहा कि सोनभद्र क्षेत्रफल की दृष्टि से काफी फैला हुआ जनपद है, जहां ज्यादातर दलित आदिवासी जनपद के सुदूर क्षेत्रों से झीलों खमरिया, नेमना, सिंदूर, जरहा, कोन कचनरवा, विंढमगंज, खलियारी, लहास, घुवास जैसे दूर दराज से गरीब रॉबर्ट्सगंज आते हैं। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय के साथ साथ कचहरी और संयुक्त जिला चिकित्सालय भी रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में हैं। सैकड़ों की संख्या में गरीब, अति गरीब नागरिकों को नियमित आना जाना रहता है। अटल कैंटीन जैसी योजना से गरीब लाचार, मेहनतकश श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो जाएगा। इनके जीवन को अधिक सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया जा सकेगा।
जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार ने 25 Dec 2025 से दिल्ली में अटल कैंटीन चलाकर खूब न्यूज मीडिया में वाहवाही ले रही है। ट्रिपल इंजन यहां रॉबर्ट्सगंज में भी है। हमारी मांग है कि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद भी ऐसी योजना रॉबर्ट्सगंज में शुरू कराए।
संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह ने कहा कि अटल रसोई योजना (या अटल कैंटीन) दिल्ली की तरह जरूरतमंदों, दिहाड़ी मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मात्र ₹5 में भरपेट और पौष्टिक भोजन (दाल, चावल, सब्जी, रोटी, अचार) प्रदान करती है। हमारे रॉबर्ट्सगंज में भी भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार है, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में यहां भी योजना चलाई जानी चाहिए। ताकि जनपद सोनभद्र में भी कोई भूखा न सोने पाए।
पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि रॉबर्ट्सगंज के अलावा ओबरा, डाला, अनपरा, रेणुकूट जैसे नगर पंचायतों में भी इस योजना को चलाना चाहिए। जहां गरीबों को दोपहर का भोजन और रात का भोजन मिल सके।
आज मांगपत्र देने वालों में अनवर अली अंसारी, राजेंद्र मौर्या, समीर खान, शमशाम अली, नागेंद्र मौर्या आदि के साथ श्रमिक लोग शामिल रहे।






