O समाधान दिवस सम्भव का आयोजन, 22 शिकायतें हुई प्राप्त
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जन शिकायतों की सुनवाई और उनका गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण के लिए प्रत्येक सोमवार को नगरीय निकायों में समाधान दिवस सम्भव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को रूबी प्रसाद, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्षता में जनसुनवाई (सम्भव) दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 3, नगर पंचायत घोरावल में 1, नगर पंचायत चुर्क घुर्मा में 3, नगर पंचायत चोपन में 4, नगर पंचायत ओबर में 4, नगर पंचायत रेनुकूट में 1, नगर पंचायत पिपरी में 2, नगर पंचायत दुद्धी में 2, नगर पंचायत डाला बजार में 1 और नगर पंचायत अनपरा में 1 शिकायत प्राप्त हुई। इन शिकायतों में मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल और मार्ग प्रकाश से संबंधित समस्याएं शामिल थीं। रूबी प्रसाद ने बताया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की सारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिले, यह उनकी प्राथमिकता होगी। इस मौके पर जेई राज कुमार राज, सभासद अनवर अली, मनोज चौबे, राकेश, अजित सिंह, सुजीत, संत सोनी, अजय कुमार, राजीव कुमार आदि उपस्थित रहे।







