वीरेन्द्र कुमार
135वीं जयंती पर शांति व्यवस्था को लेकर हुई अहम बैठक।
विंढमगंज(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमो को लेकर रविवार को थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार सिंह ने एक महत्वपूर्ण बैठक किया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस दौरान थाना निरीक्षक शिवकुमार सिंह ने उपस्थित लोगों से कहा जयंती के अवसर पर किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें, प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जुलूस, कार्यक्रम या सभा आयोजित करने वाले सभी लोग पूर्व सूचना देकर प्रशासन से अनुमति प्राप्त करें और निर्धारित नियमों का पालन करें। साथ ही, ध्वनि प्रदूषण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
बैठक में मौजूद सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे बाबा साहब की शिक्षाओं पर चलते हुए कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएंगे।
इस अवसर पर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की भी योजना बनाई गई। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दे।






