घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ओदार गांव में मानसिक रूप से असंतुलित पति ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पत्नी के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके गले में 10 से अधिक टांके लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की हालत गंभीर
मिली जानकारी के अनुसार मिर्जापुर-सोनभद्र सीमा के पास स्थित करौना गांव निवासी 30 वर्षीय सुनीता की शादी कुछ वर्ष पहले घोरावल थाना क्षेत्र के ओदार गांव निवासी विकास कुमार के साथ हुई थी। दंपत्ति का एक बेटा भी है। बताया जाता है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले विकास का मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। उसके असामान्य व्यवहार से परेशान होकर सुनीता लगभग एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी।
नहाने की बात पर बौखला गया पति
रविवार की शाम सुनीता ने अपने पति विकास से नहाने के लिए कहा। बताया जाता है कि विकास लंबे समय से नहाना छोड़ चुका था और बेहद असामान्य व्यवहार कर रहा था। पत्नी द्वारा नहाने के लिए कहे जाने पर वह अचानक आक्रोशित हो गया और घर में रखे चाकू से सुनीता की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।






