बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर, हाइवा–ट्रक आमने-सामने भिड़े

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

संवाददाता : सी एस पाण्डेय

O- हाइवा चालक वाहन सहित फरार, ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल

बभनी (सोनभद्र) । जनपद सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनी–अंबिकापुर मार्ग पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार हाइवा ने सामने से आ रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा नहर के पास हुआ, जिसमें ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेणुकूट की ओर से अंबिकापुर की तरफ जा रही हाइवा ने रायगढ़ (छत्तीसगढ़) से पाइप लादकर आ रहे ट्रक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक संजय कुमार (30), पुत्र रामअधार, गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक का फरार हो जाना सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है।

इस संबंध में बभनी थाना प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि फरार हाइवा वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों और संभावित मार्गों पर वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात्रि गश्त और यातायात निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?