संवाददाता – अमित मिश्रा
O- खलिहान में ले जाकर वारदात, एक आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा
सोनभद्र । जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबही गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ एक अधेड़ महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता अपने ननिहाल में रह रही थी और मूल रूप से छपका की निवासी बताई जा रही है। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने महिला को घर से कुछ दूरी पर स्थित खलिहान में ले जाकर दुष्कर्म को अंजाम दिया। घटना में रामनाथ (40) और शशिकांत (18) के शामिल होने का आरोप है, दोनों आरोपी धोबही ग्राम सभा के निवासी बताए जा रहे हैं।

बताया गया कि यह घटना बीती रात करीब 12 बजे हुई, जबकि सुबह लगभग 10 बजे मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस की 112 पीआरबी टीम पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के बाद पीड़िता अर्धनग्न अवस्था में घर लौटती मिली, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर ग्राम प्रधान के दरवाजे पर बैठा दिया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही 112 PRB और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।







