नौगढ़(चंदौली) के ग्राम पंचायत मंगरही के गहिला गांव में सोमवार को एक दुखद घटना घटी। वन विभाग के कर्मचारी दूधनाथ यादव (55 वर्ष) पुत्र स्व भोभल यादव की बंधी में डूबने से मौत हो गई। वे वन विभाग में माली के पद पर नियुक्त थे और सतनरवा बंधी के पास किसी कार्य से गए थे।
घटना की जानकारी
दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक उनका पैर फिसल गया और वे बंधी के गहरे पानी में गिर पड़े। देखते ही देखते वे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत सूचना परिजनों को दी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद चकरघट्टा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव भी मौके पर पहुंचे।
काफी प्रयासों के बाद शव को बाहर निकाला गया,प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।







