चंदौली जिले के नौगढ़ ब्लॉक संसाधन केंद्र पर परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य बिकायल भारती एवं खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डायट प्राचार्य ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को नई तकनीक और पद्धतियों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि “हर प्रशिक्षण शिक्षकों को कुछ नया सिखाता है और उन्हें अधिक कुशल बनाता है। यह प्रशिक्षण बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को आनंदमय बनाने में सहायक होगा।”

प्रशिक्षण के पहले दिन एनसीईआरटी आधारित नवीन पाठ्यपुस्तक वीणा और गणित मेला पर विस्तृत चर्चा हुई। शिक्षकों को बताया गया कि इन माध्यमों से बच्चों की रुचि बढ़ेगी और उनकी बुनियादी भाषा एवं गणितीय कौशलों का विकास होगा।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण निपुण भारत मिशन के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को बुनियादी कौशलों से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बीआरसी नौगढ़ में पहले चरण में विकास खंड के 100 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस मौके पर डाइट प्रवक्ता जयंत, ब्लॉक आरपी संजीव कुमार, अशोक कुमार, संजय यादव, अवनीश श्रीवास्तव, चन्द्रभान सहित अन्य शिक्षण सहयोगी मौजूद रहे।







