अमित मिश्रा
O- दुद्धी में तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, पिता गंभीर; हादसे का CCTV वीडियो आया सामने
दुद्धी (सोनभद्र) । दुद्धी कस्बे में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर गंभीर सड़क हादसे का कारण बनी। मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने जा रहे एक अधेड़ की बाइक सामने से आ रहे युवक की बाइक से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
यह हादसा दुद्धी कस्बे के वार्ड नंबर-6 में सभासद के मकान के सामने हुआ। टक्कर के बाद दोनों बाइकें सड़क पर बिखर गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद नगरवासियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से उठाया और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में 52 वर्षीय जितेंद्र पनिका, निवासी ग्राम डूमरडीहा, के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जिन्हें एक्स-रे के लिए भेजा गया है। वहीं दूसरी बाइक सवार 19 वर्षीय धर्मेंद्र साहनी, निवासी ग्राम डूमरडीहा, को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज सीएचसी में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज हरिकेश राम सीएचसी पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, घायल अधेड़ अपने बेटे राहुल को सीने में दर्द की शिकायत होने पर पहले ही एंबुलेंस से अस्पताल भेज चुके थे और स्वयं बाइक से उसके पीछे-पीछे आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।







