अमित मिश्रा
O- कम्पोजिट विद्यालय विसुन्धरी में ‘आनन्दम’ कार्यक्रम के तहत योग उत्सव सम्पन्न
घोरावल (सोनभद्र) । बेसिक शिक्षा परिषद बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने और उन्हें मानसिक रूप से तनावमुक्त रखने के लिए लगातार नये प्रयोग कर रहा है। इसी क्रम में आनंदम कार्यक्रम को कम्पोजिट एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचालित किया जा रहा है, ताकि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय में आनंद और सहजता महसूस कर सकें।
घोरावल विकासखंड के कम्पोजिट विद्यालय विसुन्धरी में शनिवार को ‘आनन्दम’ कार्यक्रम के तहत योगा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ वीणावादिनी के पूजन से की गई। समन्वयक दीनबन्धु त्रिपाठी ने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक माह के एक विशेष शनिवार को नो बैग डे घोषित किया गया है, जिसके अंतर्गत विद्यालयों में आनंदम गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं।
इस शनिवार विद्यालय परिसर में योग गतिविधियों की बहार रही। बच्चों ने प्रसन्नता के साथ विभिन्न योगासन किए और मानसिक शांति का अनुभव किया। एआरपी मयंक दुबे ने योग प्रशिक्षक के रूप में बच्चों को क्रमबद्ध रूप से योगाभ्यास कराते हुए ध्यान की अवस्था तक पहुँचाया।
बच्चों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें तनावमुक्त करते हैं और पढ़ाई में रुचि बढ़ाते हैं। शिक्षकों ने भी सरकार की इस पहल को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।







