अमित मिश्रा
O- सोनभद्र में अज्ञात शव कांड का सनसनीखेज खुलासा, नशे के बाद हत्या कर नहर में फेंका गया युवक का शव
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अमौली गांव के सामने मरकरी नहर में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला अब केवल एक संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि नशे, हत्या और शव ठिकाने लगाने की साजिश के रूप में सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है।
02 जनवरी 2026 को मरकरी नहर में शव मिलने की सूचना पर थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान अखिलेश यादव उर्फ कन्हैया यादव (25 वर्ष) निवासी ग्राम नौडिहा, थाना पन्नूगंज, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अखिलेश 23 दिसंबर 2025 से लापता था, जिसकी गुमशुदगी पहले ही थाना पन्नूगंज में दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रॉबर्ट्सगंज पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गहन विवेचना शुरू की गई। अभिषेक वर्मा (पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र) के निर्देश पर, अनिल कुमार (अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय) के पर्यवेक्षण और रणधीर कुमार मिश्रा (क्षेत्राधिकारी नगर) के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
साक्ष्य संकलन, तकनीकी विश्लेषण और लगातार पूछताछ के बाद पुलिस ने इस जघन्य अपराध में संलिप्त मुख्य अभियुक्त सुदीप देव पाण्डेय उर्फ सूरज (26 वर्ष) निवासी नरोत्तमपुर, थाना पन्नूगंज को 04 जनवरी 2026 को गेरूई नर्सरी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि 23 दिसंबर 2025 की शाम उसने फोन पर बातचीत कर अखिलेश को अपनी बोलेरो गाड़ी से सजौर बुलाया। इसके बाद दोनों ने रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के जैत निवासी एक व्यक्ति से हेरोइन खरीदी और मेडिकल स्टोर से दवा व इंजेक्शन लिया। सजौर स्थित मकान पर पहुंचने के बाद अभियुक्त ने स्वयं को 5 एमएल और अखिलेश को 10 एमएल हेरोइन का इंजेक्शन लगाया। कुछ ही देर में अखिलेश के मुंह से झाग निकलने लगा। स्थिति बिगड़ते देख घबराए अभियुक्त ने अखिलेश का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हत्या के बाद सुदीप देव पाण्डेय ने शव को 24 और 25 दिसंबर की दरम्यानी रात लगभग तड़के 5 बजे बोलेरो वाहन में लादकर अमौली गांव के सामने मरकरी नहर में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें और घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
पुलिस का कहना है कि यह मामला नशे के अवैध कारोबार, आपराधिक मानसिकता और साक्ष्य छिपाने की गंभीर प्रवृत्ति को उजागर करता है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह खुलासा न केवल सोनभद्र बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक कड़ा संदेश है कि अपराध कितना भी योजनाबद्ध क्यों न हो, कानून से बचना संभव नहीं है। सोनभद्र पुलिस की इस कार्रवाई को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी और सशक्त पुलिसिंग के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण-
सुदीप देव पाण्डेय उर्फ सूरज पुत्र छविन्द्र पाण्डेय निवासी ग्राम नरोत्तमपुर थाना पन्नूगंज जनपद सोनभद्र हाल पता- जोगियाबीर बाबा मुहाल, सजौर, थाना रॉबर्ट्सगंज जनपद सोनभद्र उम्र करीब 26 वर्ष ।
बरामदगी
अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन संख्या UP 64 AH 9897, 02 मोबाइल फोन, ₹508/- नकद बरामद किए गए हैं।
फरार अभियुक्त-
सोनू उर्फ प्रतीक, पुत्र अवधेश, निवासी जैत, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र, उम्र लगभग 27 वर्ष।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
मु0अ0सं0 739/2015, धारा 302 भा०द०वि०, थाना रॉबर्ट्सगंज
मु0अ0सं0 06/2026, धारा 103(1), 140(2), 238 बीएनएस, थाना रॉबर्ट्सगंज मु0अ0सं0 118/2022, धारा 279, 323, 504, 506 भा0द0वि0 एवं 3 (1) द/ध एससी/एसटी एक्ट, थाना पन्नूगंज मु0अ0सं0 14/2023, धारा 279, 337, 338 भा०द०वि०, थाना पन्नूगंज मु0अ0सं0 183/2021, धारा 323, 325, 504, 506 भा०द०वि०, थाना पन्नूगंज
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
प्र०नि० अखिलेश कुमार मिश्र, थाना पन्नूगंज, प्र०नि० श्री माधव सिंह, थाना रॉबर्ट्सगंज, मय टीम, हे0का0 सुशील सिंह, थाना पन्नूगंज, हे0का0 रामनिवास यादव, थाना पन्नूगंज, का० दीपक गिरि, थाना पन्नूगंज







