चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझगांवा नई बस्ती में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की पहचान भरदुआ गांव निवासी राजेश सोनी (50) पुत्र स्वर्गीय मोती सेठ के रूप में हुई है, जो बीते 13 दिसंबर से लापता थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश सोनी का शव मझगांवा नई बस्ती स्थित बाबूलाल मौर्य के खेत में पड़ा मिला। खेत की ओर गए शुभम मौर्य की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अपने पिता बाबूलाल मौर्य को इसकी सूचना दी। बाबूलाल मौर्य ने बिना देरी किए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ईश्वर प्रसाद को अवगत कराया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा चकरघट्टा थानाध्यक्ष संतोष कुमार को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही चकरघट्टा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय स्थित मोर्चरी भेज दिया।
उधर, शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई सुरेश सोनी ने बताया कि राजेश 13 दिसंबर को साइकिल से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन और तीन दिन तक इंतजार करने के बाद मंगलवार को नौगढ़ थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
इस संबंध में चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई है। मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।







