दुद्धी क्षेत्र के मिनी संगम में प्रातःकाल श्रद्धालुओ ने किया अमृत स्नान
दोपहर बाद लगी मेले में देरशाम तक लोगो की रही भारी भीड़
दुद्धी(सोनभद्र): मकर संक्रान्ति के अवसर पर क्षेत्र के कनहर-ठेमा नदी संगम तट एवं अमवार कनहर बांध के समीप आस्था का भारी जन सैलाब देखने को मिला। दुद्धी क्षेत्र के इस संगम तट पर प्रातःकाल से आस्थावानों की टोली परिवार के साथ डुबकी लगाकर अमृत स्नान कर मोक्ष प्राप्त करने की मंगल कामना की। दोपहर बाद लगने वाले पारम्परिक मेले में अबकी ऐतेहासिक भीड़ देखने को मिली। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अबकी पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप सिंह चंदेल के दिशा निर्देशन में दुद्धी कोतवाल मनोज सिंह व विंढमगंज एसओ प्रमोद कुमार के साथ एसओ म्योरपुर ने कनहर पुल विशेष इंतजाम कर रखा था। जिससे श्रद्धालुगण मेला का जमकर लुत्फ उठाया।
क्षेत्र के इस संगम तट पर अल सुबह से ही दुद्धी, धनौरा, विंढमगंज, महुली, पतारिहा, पोलवा, जोरूखांड़, मल्देवा, बीड़र, रजखड़, जाबर, खजुरी समेत पड़ोसी प्रान्त छत्तीसगढ़,झारखण्ड के अलावा अन्य स्थानों से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई,जो देरशाम तक अनवरत चलता रहा।
कनहर में आस्था की डुबकी लगाने के बाद लोग मेले में लाई, तिलवा समेत खीचड़ी बनाकर पारिवारिक समूह में बैठकर खाने की परंपरा आज भी जीवंत रखा है। क्षेत्र की संस्कृति एवं परम्परा का जीता जागता उदाहरण भी देखने को मिला। इस ऐतिहासिक मेले में उमड़ने वाली हजारों की भीड़ को देखते हुए झारखण्ड एवं यूपी के सैकड़ो छोटे-बड़े व्यवसायी भी मेले में विभिन्न तरह के खिलौने,खाने पीने समेत अन्य दुकान लगाकर लाखो का व्यवसाय किया। मेले में तरह तरह के व्यंजन, झूले व आकर्षक स्टाल से मेले में चार चांद लगा रहे थे।
पुलिस ने कनहर पुल पर नही रुकने दिया किसी वाहन को
रीवां-रांची हाइवे पर स्थित महत्वपूर्ण कनहर पुल पर दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक भारी वाहनों को प्रतिबंधित करते हुए उन्हें दुद्धी एवं विंढमगंज में ही रोक दिया था। जबकि ब्रिज पर दो पहिया एवं चार पहिया वाहन न खड़ा होने पाए इसके लिए ब्रिज के प्रत्येक पिलर के दोनों ओर पुलिस एवं पीएसी के जवानों को तैनात कर रखा था। इसकी कमान कोतवाल मनोज सिंह एवं थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने दोनों छोर पर संभाल रखी थी। जिससे दोनों ओर की रफ्तनी भारी भीड़ के बावजूद सरकती रही। दो दशक में पहली बार ऐसा देखने को मिला कि पुल पर जाम की स्थिति उत्पन्न नही हुई। प्रबुद्ध वर्ग के लोगो ने पुलिस के इस इंतजाम की जमकर सराहना की।
अमवार में पंचमुखी हनुमान जी दर्शन पूजन के साथ लिया मेले का लुत्फ
अमवार में कनहर डैम पर लगे मेले में भी भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। लोग नदी में डुबकी लगाने के साथ दक्षिण भारतीय शैली में बने श्री पंचमुखी हनुमान जी का दर्शन कर धन्यधान्य हो रहे थे।वही कनहर सिंचाई परियोजना के बांध को देखने के लिए दूर दराज से आये लोंगो ने लुफ्त लिया।
अनुमति के बावजूद पुलिस ने भगदड़ की संभावना की वजह से नही होने दी मुकेश बाबा का कार्यक्रम
अमवार में कनहर नदी के तट पर मकर संक्रांति पर मेला का आयोजन होता है। जिसकी अनुमति पूर्व प्रधान ईश्वर प्रसाद निराला ने ली थी। उनके दावे के मुताबिक उस अनुमति में मुकेश बाबा के आशीर्वाद एवं गोद भराई का कार्यक्रम भी शामिल था। किंतु पुलिस ने मेले में भगदड़ की संभावना जताते हुए मुकेश बाबा के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। इसको लेकर देरशाम तक असमंजस की स्थिति बनी रही। जबकि मुकेश बाबा का कथन है कि प्रशासन के अनुमति के बावजूद पुलिस की वजह से कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा। जिससे श्रद्धालुओं में नाराजगी है।











