नवीन कुमार
O- संगठन ने दिया एकजुटता का दिया संदेश
कोन (सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं लोकप्रिय जननेत्री प्रियंका गांधी का जन्मदिन सोमवार को जिले के कोन विकासखंड अंतर्गत कुड़वा ग्राम पंचायत में बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बैनर तले किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और संगठन की मजबूती का संकल्प लिया। आयोजन की शुरुआत प्रियंका गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष मदन गुप्ता ने कहा कि प्रियंका गांधी देश की आवाज़ हैं, जो हमेशा आमजन, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही हैं। उनके विचार और संघर्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
जिला सचिव राजेश त्रिपाठी ने प्रियंका गांधी के राजनीतिक जीवन, उनके संघर्ष और जनहितकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों और ग्रामीण मजदूरों की जीवनरेखा है, जिसे बचाना और मजबूत करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस दौरान “मनरेगा बचाओ” अभियान को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष मदन गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर ब्लॉक महासचिव विजय कनौजिया, कचनरवा न्याय पंचायत अध्यक्ष अखिलेश शर्मा, संजय, रविंद्र गुप्ता, इररवन यादव, मनोज यादव, अमरनाथ चेरो, पंकज शर्मा, कुंदन बैठा, रमेशचंद्र सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







