अमित मिश्रा
O- महिला आयोग की अध्यक्ष ने योजनाओं की समीक्षा और जनसुनवाई
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। डॉ. बबिता सिंह चौहान और आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को सोनभद्र के दौरे के दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा भी की गई।

सर्किट हाउस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने महिलाओं के सशक्तिकरण में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान परंपरागत रीति-रिवाजों के तहत अन्नप्राशन और गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई, जहां उन्होंने उपस्थित महिलाओं और बच्चों को आशीर्वाद दिया।
इसके साथ ही आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया और बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की पहल को सराहा।
महिला कल्याण योजनाओं की समीक्षा
दौरे के दौरान अध्यक्ष ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कन्या सुमंगला योजना, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशाखा कमेटी का गठन और नियमित बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएं। समाज कल्याण विभाग को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और अभ्युदय कोचिंग योजना के प्रचार-प्रसार के लिए भी निर्देशित किया गया।
स्वास्थ्य और स्वच्छता योजनाओं पर जोर
स्वास्थ्य विभाग को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड तेजी से बनाए जाने के निर्देश दिए गए। वहीं पंचायत राज विभाग को ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान के तहत सुलभ शौचालयों के निर्माण और उनके नियमित उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महिला उत्पीड़न के मामलों की सुनवाई
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई भी की और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए ऐसे जनसुनवाई कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा , मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी , सीओ चारु द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






