सोनभद्र।– भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ धर्मवीर तिवारी ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र भेजकर जनपद सोनभद्र के अन्नदाताओं की गंभीर समस्या को ध्यान में लाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
डॉ तिवारी ने कहा कि सोनभद्र के किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। ए आर कोऑपरेटिव और डिप्टी आर एम ओ ने शासन को गलत रिपोर्ट भेजकर किसानों का भारी नुकसान किया है। प्रतिबीघा 10 कुंटल की खरीद की जा रही है, जबकि बगल के जनपद चंदौली में 15 कुंटल की खरीद हो रही है।
उन्होंने मांग की कि मिलरों के धान खरीद के पूर्व स्टॉक की जांच हो, और धान खरीद शुरू होने के बाद का स्टॉक चेक किया जाए। सर्वे एजेंसी के द्वारा बिना स्थलीय निरीक्षण किए सर्वे करने और किसानों के अंश निर्धारण में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
डॉ तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार अन्नदाताओं को खुशहाल बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, लेकिन अधिकारियों के द्वारा अन्नदाताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने ए आर कोऑपरेटिव और डिप्टी आर एम ओ पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर अरविंद पांडे, जय शंकर देव, राम नारायण, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।







