अमित मिश्रा
O- दलित, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ भारत मुक्ति मोर्चा का हल्ला बोल
O- राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, बस्ती की मासूम बच्ची के न्याय की उठी मांग
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में एससी, एसटी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों पर बढ़ती हत्या, बलात्कार और अन्याय-अत्याचार की घटनाओं को लेकर गुरुवार को भारत मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना देकर राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी प्रतिनिधि को सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण ने कहा कि प्रदेश में दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग पर लगातार अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। लेकिन अधिकांश मामलों में प्रशासन लीपापोती कर देता है या प्रभावशाली लोगों को बचाने का काम करता है। इसी अन्याय के खिलाफ पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के सिद्धनाथ गांव में 18 मई 2025 को 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए वीभत्स दुष्कर्म और हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।
बच्ची के साथ अमानवीय कृत्य के बाद उसे बुरी तरह से घायल कर मौत के घाट उतार दिया गया, लेकिन घटना के पांच महीने बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
लक्ष्मी नारायण ने आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली समुदाय से होने के कारण पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि न तो पीड़ित परिवार को कोई आर्थिक सहायता दी गई, न ही किसी अधिकारी ने घटना स्थल का दौरा किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो भारत मुक्ति मोर्चा प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा।
धरना स्थल पर सतीश कुमार सिंह, सोनू, प्रदीप कुमार, रूपनारायण, अनीता, अजय, राम सागर, राजेंद्र, शंकर चौहान, कैलाश समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







