चंदौली जिले के नौगढ़ स्थित ऐतिहासिक चंद्रकांता किले तक पहुंचने वाली सड़क के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। पिछले दस वर्षों से जर्जर पड़ी 1650 मीटर लंबी इस सड़क को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) 1.05 करोड़ रुपये की लागत से दुरुस्त करेगा।
इस सड़क के बनने से कर्मनाशा नदी के किनारे बसे मगरही, गहिला, जमसोत, पथरौर, शाहपुर जैसे पांच से अधिक गांवों के 10 हजार से ज्यादा लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। यह मार्ग बिहार को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है।
नौगढ़ क्षेत्र देवकी नंदन खत्री के प्रसिद्ध उपन्यास ‘चंद्रकांता’ में वर्णित ऐतिहासिक किले के लिए जाना जाता है। यह किला अपनी स्थापत्य कला और समृद्ध इतिहास के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन पिछले कई वर्षों से किले तक जाने वाली लगभग डेढ़ किलोमीटर सड़क बदहाल स्थिति में थी।
अवर अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान बरसात में होने वाली जलभराव की समस्या का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जिन स्थानों पर पानी भरता है, वहां सड़क को दो फीट ऊंचा बनाया जाएगा।
आबादी वाले क्षेत्रों में तीन मीटर चौड़ी सीसी (कंक्रीट) रोड का निर्माण किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ फीट चौड़ी नालियां बनाई जाएंगी, जिनके ऊपर एक मीटर चौड़ी पटरी भी तैयार की जाएगी। इससे पैदल यात्रियों को चलने में आसानी होगी।
निर्माण कार्य के लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा और इसे शीघ्र शुरू करने की तैयारी है। सड़क के दुरुस्त होने से स्थानीय लोगों को तो राहत मिलेगी ही, साथ ही चंद्रकांता किले तक पहुंच आसान होने से क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।







