छत्तीसगढ़ से पशु तस्करी की कोशिश नाकाम, मवेशियों से भरी डीसीएम पकड़ी गई

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

संवाददाता : सी एस पाण्डेय

O- कई बैरियर तोड़कर भागी गाड़ी, खराब सड़क बनी तस्करों की कमजोरी

बभनी (सोनभद्र) । जनपद सोनभद्र के बभनी–बीजपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह पशु तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया, जब मवेशियों से भरी एक डीसीएम वाहन को छत्तीसगढ़ पुलिस ने पीछा करते हुए बीजपुर थाना क्षेत्र के अंजानी गांव के पास पकड़ लिया। वाहन में चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जबकि डीसीएम में कुल 17 भैंस व भैंसे लदे पाए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बसंतपुर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5 बजे पुलिस नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक डीसीएम वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए तेज रफ्तार में वाहन भगा दिया। शक होने पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने तुरंत बुलेरो से पीछा शुरू किया।

कई बैरियर तोड़ते हुए वाहन छत्तीसगढ़ सीमा पार कर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में प्रवेश कर गया। इस दौरान सूचना बभनी थाना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद बभनी में भी बैरिकेडिंग की गई। हालांकि चालक ने बभनी की ओर जाने के बजाय बीजपुर मार्ग पकड़ लिया। पीछा करने के दौरान डीसीएम चालक ने पुलिस वाहन को साइड से टक्कर मारने की भी कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस पीछे रह गई।

अंततः बीजपुर थाना क्षेत्र के अंजानी गांव के पास खराब सड़क के कारण डीसीएम वाहन आगे नहीं बढ़ सका और वहीं आकर रुक गया। वाहन रुकते ही चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में सायरन बजाती छत्तीसगढ़ पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और वाहन को चारों ओर से घेर लिया गया।

डीसीएम पर तिरपाल हटाने पर अंदर मवेशियों को देखकर पुलिस भी चौंक गई। तत्काल बीजपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि डीसीएम में कुल 17 मवेशी ठूंसे गए थे।

छत्तीसगढ़ के बसंतपुर थाने में तैनात प्रधान आरक्षक पंकज पोर्ते ने बताया कि वाहन छत्तीसगढ़ से पशु तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था और पुलिस द्वारा लगातार पीछा किया जा रहा था। रास्ता खराब होने के कारण तस्कर वाहन छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए।

वहीं बसंतपुर थाने के थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी ने कहा कि पशु तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और इस मामले में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर बीजपुर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि मामला छत्तीसगढ़ का होने के कारण डीसीएम और मवेशियों को वहीं की पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

फिलहाल बसंतपुर पुलिस ने डीसीएम को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में पशु तस्करी को लेकर आक्रोश है और ग्रामीणों ने सीमा क्षेत्रों में सख्त निगरानी की मांग की है।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?