रांग साइड, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती : अखिलेश मिश्रा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- चोपन थाने में ट्रांसपोर्टरों संग पुलिस की अहम बैठक

O- प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने वाहन मालिकों को दी कड़ी चेतावनी, नाबालिगों को वाहन सौंपने पर भी होगी कार्रवाई

चोपन (सोनभद्र) । रविवार को थाना चोपन परिसर में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में वाहन मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और गणमान्य नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना और लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।

बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने वाहन मालिकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने वाहनों के चालकों को स्पष्ट रूप से यातायात नियमों के पालन के लिए बाध्य करें। उन्होंने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना, रांग साइड वाहन चलाना और निर्धारित लेन का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी निरीक्षक ने नशे की हालत में वाहन चलाने को गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने वाहन मालिकों को यह भी सख्त चेतावनी दी कि किसी भी स्थिति में नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दी जाए। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते पाया गया तो चालक के साथ-साथ वाहन स्वामी के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कस्बा क्षेत्र के प्रीतनगर स्थित वाहन निर्माण व मरम्मत कार्य से जुड़े गैरेज संचालकों को भी निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा न करें। सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहन यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं। ऐसे मामलों में संबंधित गैरेज संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात नियमों का पालन सभी के हित में है। उन्होंने वाहन मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और आम नागरिकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षित व सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Leave a Comment

1349
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?