चंदौली जिले के नौगढ़ विकासखंड के अमदहां चरनपुर गांव में संविधान दिवस पर कार्यक्रम हुआ। ‘भारत का संविधान, हमारा स्वाभिमान’ थीम पर छात्र-छात्राओं के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता रखी गई।
कार्यक्रम का आयोजन समानता साथी दूधनाथ गौतम और उनके सहयोगियों ने किया। डॉ. बीआर आंबेडकर समता मंच, अमदहां चरनपुर ने इसमें सहयोग दिया।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने संविधान, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवालों के जवाब दिए। अंकित राज ने पहला, नितिन कुमार ने दूसरा और ललतापुर के आदर्श कुमार गौतम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रियभांशु, विजय और रागिनी समेत अन्य छात्र-छात्राओं ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में सहयोगी अश्वनी कुमार, श्याम सुंदर, संदीप कुमार, वंशराज, गुलशन, मनीष, प्रदीप और कमलेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाने और समाज में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।









