स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के कर्मचारियों ने सरकार को कार्य बहिष्कार का दिया ज्ञापन
मानदेय बढ़ाने, 5 लाख का कैशलेस इलाज, 20 लाख का बीमा
सोनभद्र। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, पंचायती राज विभाग के सभी आउटसोर्स कर्मचारियों ने विकास 10 वर्षों से मानदेय न बढ़ाए जाने एवं अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से पंचायतीराज विभाग के निदेशक / मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण को संबोधित ज्ञापन भेजकर मांगों को मानने का अनुरोध किया है तथा मांगे न मानने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कंसलटेंट एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा) के बैनर तले जनपद सोनभद्र के सभी जिला कंसलटेंट, लेखाकार, खण्ड प्रेरक और कम्प्यूटर ऑपरेटर अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी।
जिला कंसलटेंट किरण सिंह ने बताया कि कर्मचारी काफी समय से अपनी मांग रख रहे हैं लेकिन निदेशालय की हठधर्मिता के कारण उनको न्याय और सम्मान नहीं मिल पा रहा है। संगठन इस न्याय और सम्मान की लड़ाई के लिए संवैधानिक तरीके से किसी भी सीमा तक जा सकता है।
जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण को दिए गए ज्ञापन में सभी स्तर राज्य, मंडल, जिला और विकास खंड के कर्मचारियों का मानदेय गाइड लाइन के अनुसार तय करने और प्रति वर्ष 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की मांग की गई है। अन्य मांगों में कर्मचारियों को पांच लाख तक का कैशलेस इलाज, 20 लाख का एक्सीडेंटल बीमा, क्योंकि मिशन के 33 कर्मचारी अब तक मृतक हो गए मगर उनके परिवार को कोई सहायता नहीं मिला। उन 33 कर्मचारियों को लाभ दिया जाए जो अभी तक नहीं दिया गया है, महिला कर्मचारियों को अन्य विभागों की तरह मातृत्व अवकाश मानदेय के साथ देने, एच.आर. पॉलिसी बनाने, राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर पारस्परिक स्थानांतरण करने, कर्मचारियों को भुगतान किए गए मानदेय से काटे गए जीएसटी और सर्विस टैक्स को वापस करने की मांग की गई है।
सेवा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल केसरी का कहना है कि अब तक कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। आरोप है कि पंचायतीराज निदेशालय का रवैया हठधर्मिता पूर्ण है। अभी तक मात्र आश्वासन देकर टरकाने का कार्य किया गया है।
आज के इस ज्ञापन के बाद कर्मचारी 28 नवंबर को सामूहिक कार्य बहिष्कार करेंगे। प्रतिदिन की तरह कार्यालय में आकर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे लेकिन कोई विभागीय कार्य नहीं करेंगे। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका और योगदान है उनको भी 29 नवंबर को ज्ञापन देकर कर्मचारी अपनी स्थिति से अवगत कराएंगे। 30 नवंबर को उपनिदेशक पंचायत के माध्यम से निदेशक को ज्ञापन भेजकर मांगों को मानने का अनुरोध किया जाएगा। फिर भी मांगे नहीं मानी जाती हैं तो एक दिसंबर से पूरे प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के कर्मचारी पूरी तरह से प्रदेश व्यापी कार्य का बहिष्कार करेंगे। अगर तब हमारी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है तो आगामी सात दिसंबर को पंचायतीराज निदेशालय और पंचायतीराज मंत्री के आवास का घेराव कर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
ज्ञापन देने में जनपद के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।








