न्यूनतम 24000 मानदेय, कैशलेस इलाज, एचआर पॉलिसी और पदनाम बदलकर ग्राम विकास सहायक करने की मांग
सोनभद्र। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले ग्राम रोजगार सेवकों ने जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संरक्षक प्रभात सिंह चंदेल ने बताया की उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के प्रदेशव्यापी आह्वान पर उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ एवं ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जनपद के समस्त विकास खंडों के ग्राम रोजगार सेवक / मनरेगा (वी.वी.जी. रामजी) कर्मियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए सैकड़ों की संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
नेतृत्व जिला संयोजक ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा सोनभद्र विनय कुमार पाण्डेय एवं सुरेश कुमार ने किया। इस दौरान ग्राम रोजगार सेवकों ने सरकार पर वादा खिलाफी और अधिकारियों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में बैठे आलाधिकारी सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ को झूठा साबित करने पर तुले हुए हैं और योगी सरकार पार्ट-2 में लगातार ग्राम रोजगार सेवक हितों की अनदेखी की जा रही है।
मोर्चा नेताओं ने कहा कि वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव के पूर्व लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित मनरेगा कर्मचारी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एच.आर. पॉलिसी समेत नियमित मानदेय भुगतान समेत अन्य सुविधा प्रदान करने की घोषणा की थी। घोषणा के बाद भी मनरेगा / वी.वी.जी. रामजी कर्मियों का लगातार पांच वर्षों तक शोषण किया गया। आज उत्तर प्रदेश का ग्राम रोजगार सेवक अपने को ठगा महसूस कर रहा है।
ज्ञापन में चार सूत्रीय मांगें रखी गईं। जिला संयोजक विनय कुमार पाण्डेय ने कहा, “ग्राम रोजगार सेवकों का न्यूनतम मानदेय 24000/- माह करते हुए पृथक बजट से भुगतान किया जाए, ग्राम रोजगार सेवकों एवं उनके परिवारीजनों को कैशलेस इलाज की सुविधा से आच्छादित किया जाए, एचआर पॉलिसी लागू किया जाए और ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम विकास के समस्त कार्यों को जॉब चार्ट में शामिल करते हुए पदनाम ग्राम विकास सहायक किया जाए तथा ग्राम रोजगार सेवकों के बकाया मानदेय का भुगतान तत्काल प्रभाव से किया जाए।”
जिला संयोजक सुरेश कुमार ने कहा, “जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा। हम अपने हक के लिए शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करते रहेंगे।”
ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन को ग्राम विकास अधिकारी संघ, ग्राम प्रधान संघ, एपीओ संघ, लेखा सहायक संघ, कंप्यूटर आपरेटर संघ व अन्य संगठनों ने समर्थन दिया।
इस अवसर पर विनय कुमार पाण्डेय, सुरेश कुमार, प्रमोद सिंह, श्याम बिहारी, प्रदीप सिंह राणा, अमिताभ, सुनील, अशोक, संतोष, मनीष, रविन्द्र कुमार, उपेन्द्र कुमार, प्रमा सिंह, दिवाकर, विनीता पटेल, रागिनी सहित सैकड़ों ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।









