विश्व को नारंगी रंग में रंगें अभियान के तहत दिया सुरक्षा, सम्मान और समानता का संदेश
सोनभद्र। शुक्रवार को इनर व्हील क्लब ऑफ रॉबर्ट्सगंज आर्या द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा को समाप्त करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय अभियान “विश्व को नारंगी रंग में रंगें – महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा का अंत” के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली के माध्यम से समाज को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, समानता एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सभी ने एकजुट होकर महिला हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने और सुरक्षित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष ऋतु अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष वंदना वर्मा, उपाध्यक्ष पूजा अग्रहरी एवं क्लब की सदस्य शिल्पी केसरी, प्रियंका केसरी और स्तुति अग्रहरी उपस्थित रहीं। इनके अतिरिक्त अनिता गुप्ता, बीना गुप्ता, ममता गुप्ता, अर्चना जैसवाल एवं रोशनी अग्रवाल भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।
क्लब अध्यक्ष ऋतु अग्रवाल का संदेश
“महिलाओं और बालिकाओं के प्रति हिंसा केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की समस्या है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य है कि हर महिला बिना किसी डर के सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सके। आइए, चुप्पी तोड़ें और हिंसा के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाएं।”
इनर व्हील क्लब ऑफ रॉबर्ट्सगंज आर्या
उसकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता!
महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा बंद हो!









