एआरटीओ कार्यालय में जमघट बनाए बैठे बाहरी लोगों का कर्मियों से है सीधी पकड़, जांच से खुलेगा राज
सोनभद्र। जिलाधिकारी कार्यालय से चंद दूरी पर हाइवे किनारे स्थित उप संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों की वजह से सूबे की भाजपा सरकार की छवि आमजनमानस में धूमिल हो रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करने वाली भाजपा सरकार में भी एआरटीओ कार्यालय में दलाली प्रथा हावी है। विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों के कथित संरक्षण में यहां दलालों का एक सिंडिकेट प्रतिदिन गरीब तबके के लोगों का खुलेआम आर्थिक और मानसिक शोषण कर रहा है। यह जानकारी यहां भरोसेमंद सूत्रों ने दी।
सूत्रों ने बताया कि, एआरटीओ कार्यालय में दलालों का सिंडिकेट वर्षों से हावी है। सिंडिकेट में शामिल बाहरी तमाम असरदार व्यक्तियों द्वारा एआरटीओ कार्यालय आए लोगों से काम कराने के नाम पर मनमानी वसूली की जा रही है। इनका प्रभाव इतना है कि बगैर इनके संरक्षण में कोई भी काम कराना आम इंसान के लिए असंभव के बराबर है। सूत्रों ने बताया कि, एआरटीओ कार्यालय में प्रतिदिन मोटी-मोटी फाइलें लेकर बेरोकटोक घूमने वाले तमाम बाहरी व्यक्तियों (दलालों) की पहचान कर यदि उनका मोबाइल नंबर ट्रेस करा दिया जाए तो विभाग के कई कर्मियों समेत जिम्मेदार अधिकारियों का काला चेहरा उजागर हो सकता है।
एक सवाल पर सूत्रों ने बताया कि दलालों का सिंडिकेट ही विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए काली कमाई का सीधा जरिया बना हुआ है। यही कारण है कि लाख शिकायतों के बावजूद कार्रवाई के अभाव में एआरटीओ कार्यालय में दलाली प्रथा हावी है और मेहनत-मजदूरी कर ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य वाहन संबंधित कार्य को लेकर एआरटीओ कार्यालय आने वाले गरीब तबके के लोगों का आर्थिक शोषण सूबे की भाजपा सरकार में भी जारी है।
उधर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर एआरटीओ से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वार्ता नहीं हो सकी। लिहाजा उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।









